रफ्तार ने उजाड़ दिया परिवार: दारौंदा में बुजुर्ग को रौंदने के बाद गड्ढे में गिरा बाइक सवार
दारौंदा बाजार में तेज रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। चाय दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक ने कुचल दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मामले की जांच करती पुलिस, इनसेट मृतक की फाइल फोटो
सीवान: जिले के दारौंदा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। दारौंदा बाजार में शनिवार देर शाम अनियंत्रित बाइक सवार ने साइकिल से जा रहे एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक सवार भी सड़क किनारे गड्ढे में गिरकर घायल हो गया। इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, दारौंदा थाना क्षेत्र के सिरसाव मठिया गांव निवासी करीब 70 वर्षीय सुंद्रिका साह शनिवार की शाम दारौंदा बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े, जबकि बाइक सवार संतुलन खोकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत दारौंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने बुजुर्ग की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान रविवार को सुंद्रिका साह ने दम तोड़ दिया।
चाय की दुकान चलाकर करते थे परिवार का भरण-पोषण
बताया जाता है कि सुंद्रिका साह दारौंदा बाजार में चाय की छोटी दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जैसे ही गांव और परिजनों को मौत की सूचना मिली, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
इधर,पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच में जुट गई है।
यातायात नियमों की अनदेखी बन रही हादसों की वजह
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे यह बता रहे हैं कि यातायात नियमों का पालन कितना जरूरी है।
तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं।
बाइक चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें।
बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहन की गति नियंत्रित रखें।
शराब पीकर वाहन चलाने से बचें।
सड़क पार करते समय और ओवरटेक करते समय सावधानी बरतें।
थोड़ी सी लापरवाही किसी की जिंदगी छीन सकती है।
Comments
Post a Comment